10 हजार की लालच में बैढ़न बस स्टैंड पहुंचा युवक, चोरी का आईफोन लेकर लोगों के हत्थे चढ़ा
मुंबई से लौट रहे यात्री का एक लाख रुपये से अधिक कीमत का आईफोन चोरी, मोबाइल लौटाने के बदले मांगी थी रकम, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की जांच

सिंगरौली। मुंबई से सिंगरौली लौट रहे एक यात्री का बरगवां रेलवे स्टेशन के पास आईफोन चोरी हो गया। चोरी के बाद जब मोबाइल चालू हुआ तो पीड़ित ने अपने नंबर पर संपर्क किया। दूसरी ओर मौजूद युवक ने मोबाइल लौटाने के बदले 10 हजार रुपये की मांग कर दी। पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी की शर्त मानने का नाटक किया और उसे बैढ़न बस स्टैंड बुला लिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मनोज कुमार का एक लाख रुपये से अधिक कीमत का आईफोन बरगवां और बैढ़न के बीच चोरी हो गया था। शुरुआत में मोबाइल बंद था, लेकिन कुछ समय बाद चालू होने पर मनोज ने संपर्क किया। फोन उठाने वाले युवक ने मोबाइल अपने पास होने का दावा करते हुए उसे लौटाने के एवज में 10 हजार रुपये मांगे।
पीड़ित ने आरोपी की बात मानने का दिखावा किया और उसे बैढ़न बस स्टैंड पहुंचने के लिए कहा। तय स्थान पर पहुंचने के बाद मनोज ने स्थानीय लोगों की मदद से अपना मोबाइल वापस ले लिया और मौके पर ही आरोपी युवक को पकड़ लिया। घटना के दौरान बस स्टैंड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर बैढ़न पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में युवक ने दावा किया कि उसने यह मोबाइल किसी अन्य व्यक्ति से 5 हजार रुपये में खरीदा था और 10 हजार रुपये में बेचने का प्रयास कर रहा था। हालांकि पुलिस ने उसके इस बयान की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मोबाइल की वास्तविक चोरी किसने की और हिरासत में लिया गया युवक चोरी में सीधे तौर पर शामिल है या चोरी का मोबाइल खरीदकर बेचने का प्रयास कर रहा था। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













