कलेक्टर गौरव बैनल के नेतृत्व में पंजीयन विभाग ने बनाया नया कीर्तिमान
तीन माह में 90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित, वार्षिक लक्ष्य का 60 प्रतिशत हासिल

सिंगरौली। जिला कलेक्टर गौरव बैनल के सतत मार्गदर्शन एवं नियमित समीक्षा के परिणामस्वरूप सिंगरौली जिले के पंजीयन विभाग ने वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विभाग ने मात्र तीन माह में 90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करते हुए निर्धारित 152 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य का लगभग 60 प्रतिशत पूरा कर लिया है।
इसी अवधि में जिले में 3,500 से अधिक भूमि एवं भवनों की रजिस्ट्रियां संपन्न हुईं, जिससे राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। कलेक्टर श्री बेनल द्वारा समय-समय पर विभागीय कार्यों की समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा राजस्व संग्रह की प्रगति पर विशेष ध्यान दिए जाने का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
पंजीयन विभाग द्वारा संपदा 2.0 प्रणाली लागू होने से रजिस्ट्री प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी एवं त्वरित हुई है। अब नागरिकों को रजिस्ट्री की प्रमाणित प्रति मोबाइल पर डिजिटल रूप में उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
कलेक्टर गौरव बेनल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व संग्रह के साथ-साथ नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। जिला प्रशासन का लक्ष्य वित्तीय वर्ष के अंत तक निर्धारित राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करना है।













