अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 115 पाव शराब और 9 बीयर कैन जब्त

सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में शराब बरामद की। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सतीश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में वृत्त देवसर एवं वैढ़न की टीम ने यह कार्रवाई की।
आबकारी विभाग को मिली सूचना के आधार पर वृत्त देवसर अंतर्गत ग्राम चिनगो में आरोपी प्रेमलाल वैश्य एवं लल्लेराम विश्वकर्मा तथा वृत्त वैढ़न अंतर्गत नौगई (चमेली मोड़) निवासी प्रभुदयाल शाह के मकान एवं दुकान पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 53 पाव देसी प्लेन मदिरा, 53 पाव टेन-4 व्हिस्की तथा 9 कैन बीयर बरामद की गई।
जप्त शराब की कुल मात्रा 23.58 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 12,312 रुपये बताई गई है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सुश्री नीलिमा मार्को, आबकारी आरक्षक आलोक सिंह, अमरपाल सिंह तथा नगर सैनिक प्रकाश मिश्रा और कमलभान सिंह की सक्रिय भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।









