बिजली तार विवाद में खूनी संघर्ष: लाठी-डंडों से हमला, महिलाओं पर भी बरसे डंडे, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत जयसवाल मोड़ पर बिजली के तार खींचने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना करीब नौ दिन पुरानी बताई जा रही है। बिजली कनेक्शन के लिए तार खींचने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। वायरल वीडियो में पुरुषों के साथ महिलाओं पर भी लाठी-डंडों से हमला करते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के समय किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस ने एक पक्ष से बृजेश नाई और बुजलाल नाई तथा दूसरे पक्ष से राधेश्याम केशरी, विकास केशरी और निकेश केशरी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।









