कलेक्टर ने 180 आवेदनों पर की जनसुनवाई, मौके पर ही किया कई समस्याओं का निराकरण

सिंगरौली, / जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने उपस्थित होकर कुल 180 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से कई आवेदनों का तत्काल निराकरण कराया।जनसुनवाई में अधिकांश शिकायतें विद्युत व्यवस्था से संबंधित प्राप्त हुईं। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति एवं रखरखाव कार्यों में तत्परता लाते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही विस्थापन संबंधी समस्याओं को लेकर भी कुछ आवेदन प्राप्त हुए, जिनके संबंध में अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदकों को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री बैनल ने कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाए।साप्ताहिक जनसुनवाई को प्रभावी बनाने तथा आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए जिले का समस्त वरिष्ठ प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, एसडीएम सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, डिप्टी कलेक्टर माइकल तिर्की, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चन्द्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









