साइबर जागरूकता से बचा परिवार, 70 हजार की ऑनलाइन ठगी का प्रयास विफल

सिंगरौली। जिले में चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक-2026 साइबर जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर सामने आया है। अभियान के कारण एक परिवार साइबर ठगों द्वारा किए गए 70 हजार की ऑनलाइन ठगी के प्रयास से बच गया। इस संबंध में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिवार के अनुसार, उनकी पुत्री के मोबाइल पर व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपनी प्रोफाइल पर पुलिस अधिकारी का फोटो लगाया था और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि उनका बच्चा पुलिस हिरासत में है। उसे छोड़ने के लिए तत्काल ₹70 हजार एक क्यूआर कोड के माध्यम से जमा करने को कहा गया। कॉल के दौरान बच्चे के रोने जैसी आवाजें भी सुनाई गईं, जिससे महिला घबरा गई।
इसी बीच महिला के पिता ने उसे समझाया कि पुलिस इस तरह फोन पर पैसे नहीं मांगती। उन्होंने पहले संबंधित विद्यालय और पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुंची, जहां जांच में बच्चा सुरक्षित अपनी कक्षा में पढ़ाई करता मिला। इसके बाद स्पष्ट हो गया कि यह साइबर ठगों द्वारा परिवार को डराकर पैसे ऐंठने का प्रयास था। परिजनों ने बताया कि सिंगरौली पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान में मिली जानकारी के कारण उन्होंने जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर नहीं किए और बड़ी ठगी से बच गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर पैसे मांगे, तो उसकी बातों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर दें।









