जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को ई-टोकन के माध्यम से मिल रहा खाद
सिंगरौली, । खरीफ मौसम को ध्यान में रखते हुए जिले में किसानों के लिए आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। कृषि विभाग द्वारा समितियों, डबल लॉक केंद्रों एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को नियमित रूप से उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।उप संचालक कृषि श्री मनोज सिंह ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 8469 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। इसमें 2012 मीट्रिक टन एन.पी.के. (कॉम्प्लेक्स) उर्वरक, 6209 मीट्रिक टन यूरिया तथा 199 मीट्रिक टन एस.एस.पी. का पर्याप्त स्टॉक शामिल है। इसके अतिरिक्त जिले को 1800 मीट्रिक टन यूरिया की नई रैक भी प्राप्त हुई है, जिससे आगामी दिनों में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक उपलब्धता और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए ई-विकास पोर्टल के माध्यम से ई-टोकन व्यवस्था लागू की गई है। किसान पोर्टल पर टोकन बुक कर निर्धारित समय पर उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ से बचाव होने के साथ वितरण प्रक्रिया भी पारदर्शी एवं सुगम बनी हुई है।उप संचालक कृषि ने बताया कि मार्कफेड के बैढ़न एवं देवसर स्थित गोदामों में भी पर्याप्त मात्रा में उर्वरक भंडारित है। दोनों गोदामों पर उपलब्धता के अनुसार किसानों को ई-टोकन के माध्यम से व्यवस्थित एवं सुगमतापूर्वक उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं एवं वितरण केंद्रों से ही उर्वरक प्राप्त करें तथा ई-विकास पोर्टल के माध्यम से टोकन बुक कर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय पर आवश्यक उर्वरक प्राप्त करें। इससे खरीफ फसलों की बुवाई एवं पोषण संबंधी कार्य समयबद्ध रूप से संपादित किए जा सकेंगे।










