अतिक्रमण हटाने और सड़क निर्माण की मांग को लेकर किसानों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली। अखिल भारतीय किसान सभा, जिला परिषद सिंगरौली के नेतृत्व में मंगलवार को ग्राम पंचायत तियरा की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्राम तियरा के आइडिया चौराहा मार्ग से अतिक्रमण हटाकर शीघ्र सड़क निर्माण कराने, दोनों ओर नाली निर्माण, बरसात से पहले मार्ग का सुधार तथा ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
किसान सभा के जिला महासचिव रामरसिले नापित ने बताया कि एक वर्ष पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने और सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका। बरसात के मौसम में सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने दोबारा सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 31 और 36 में सड़क-नाली निर्माण, वार्ड 17 में अधिक बिजली बिल आने की शिकायत सहित अन्य जनसमस्याओं के निराकरण की भी मांग की गई। किसान सभा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान शामिल रहे रामरसिले नापित, अरविन्द कुमार शाह, बीएम नामदेव, राजकुमार शर्मा, श्रवण विश्वकर्मा, सियाराम बैश्य, संगीता मिश्रा, मानमति पनिका, कुसुुम वर्मा, श्रीमती साकेत, जिन्दलाल बैश्य, विष्णु बहादुर बैश्य, रामायण प्रसाद बैश्य, प्रेमा देवी पासवान, संगीता देवी चौहान सहित अन्य किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।









