देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दुबई तक पहुंची झारखंड के आम्रपाली आम की मिठास

देवघर और गुमला के किसानों की बड़ी उपलब्धि, लूलू मॉल में पहली खेप की बिक्री शुरू

रांची। झारखंड के देवघर और गुमला जिले में उगाए जाने वाले आम्रपाली आम ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान बनाई है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत तैयार बागानों से उत्पादित दो टन आम्रपाली आम की पहली खेप दुबई पहुंच गई है, जहां प्रतिष्ठित लूलू मॉल में इसकी बिक्री शुरू हो गई है।

यह आम देवघर जिले के मोहनपुर स्थित आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसाइटी तथा गुमला जिले की गुमला रायडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और एमवीएम बघिमा पालकोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा तैयार किए गए हैं। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के माध्यम से इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया गया।

उत्कृष्ट गुणवत्ता और मिठास के कारण दुबई में आम्रपाली आम ग्राहकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इससे पहले झारखंड के विभिन्न जिलों से आम्रपाली आम की खेप लंदन और इटली भी भेजी जा चुकी है।

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय राज्य की महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों को देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और जेएसएलपीएस के प्रभावी प्रयासों से झारखंड के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि ‘पलाश’ ब्रांड के तहत राज्यभर में विशेष आम बिक्री स्टॉल भी स्थापित किए गए हैं, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और आय के नए अवसर मिल रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button