देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बद्रीनाथ धाम दान अनियमितता: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, बोले सीएम धामी

 

हरिद्वार। उत्तराखंड के श्री बद्रीनाथ धाम में दान-चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार में कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इस तरह की अनियमितता को आस्था के साथ विश्वासघात बताते हुए इसे गौहत्या और माता-पिता की हत्या जैसे गंभीर पाप के समान बताया।

मुरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) और गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने भी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। शासन के निर्देशानुसार जांच समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार मंदिरों की व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश में सक्रिय मानसून को देखते हुए बताया कि अगले दस दिनों तक कई जिलों में हाई अलर्ट रहेगा तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button