देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जांच पूरी होने तक आरोप लगाना उचित नहीं, चंपत राय कर रहे हैं पूरा सहयोग : साध्वी निरंजन ज्योति

 

नई दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है, इसलिए जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार के आरोप लगाना या राजनीतिक बयानबाजी करना उचित नहीं है।

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर रहा है और जांच पूरी होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान राम की आस्था से जुड़े विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा राम मंदिर को श्रद्धा और विश्वास का विषय माना है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वक्फ बोर्ड की जमीनों से जुड़े विवादों पर भी उन्होंने कहा कि जहां भी अनियमितता या अवैध कब्जे के आरोप हैं, वहां निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि वहां मिला सर्वोच्च नागरिक सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे भारत और 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश नीति के कारण आज विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान दायित्व के तहत वह समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों की शिकायतें सुनकर उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास कर रही हैं।

Author

Related Articles

Back to top button