ईडी की कार्रवाई पर अखिलेश का हमला, राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भी सरकार को घेरा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्य से किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि जहां कार्रवाई होनी चाहिए, वहां नहीं की जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे चुनिंदा कार्रवाई बताते हुए केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
इस दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण से देश और विदेश में रहने वाले सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना था कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे से जुड़े विवाद ने सरकार की धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।
अखिलेश यादव ने यह भी दावा किया कि ऐसे विवादों से देश की छवि प्रभावित होती है और निवेशकों का भरोसा भी कमजोर पड़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि राम मंदिर में चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में संगठनात्मक बदलाव किए गए हैं। ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार किए गए हैं, जबकि नए महामंत्री की नियुक्ति तक कृष्ण मोहन को अंतरिम जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही प्रमुख पदों पर नियुक्ति के लिए एक समिति का गठन भी किया गया है।













