राष्ट्रीय युवा संसद में प्रगति पांडेय का जलवा
सांस्कृतिक प्रस्तुति और सक्रिय सहभागिता पर मिले दो सम्मान

सिंगरौली/जयपुर राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय युवा संसद “देश की बात, युवाओं के साथ” में सिंगरौली जिले के देवसर क्षेत्र की प्रगति पांडेय ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। 3 से 4 जुलाई 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रिय सहभागिता के लिए उन्हें दो अलग-अलग प्रमाणपत्रों से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय युवा संसद के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या “विरासत से मिलन” में प्रगति पांडेय ने अपनी प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुति से दर्शकों और आयोजकों की खूब सराहना प्राप्त की। उनकी कला, उत्साह और समर्पण को देखते हुए मंच मिनिस्ट्री एवं युवा साथी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में उन्हें प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
वहीं राजस्थान विधानसभा परिसर, जयपुर में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय युवा संसद में सक्रिय सहभागिता के लिए भी प्रगति पांडेय को सहभागिता प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके नेतृत्व कौशल, रचनात्मक सोच और युवाओं से जुड़े विषयों में सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन मंच मिनिस्ट्री एवं युवा साथी संगठन के संयुक्त सहयोग से किया गया था। प्राप्त प्रमाणपत्रों पर राष्ट्रीय युवा संसद एवं मंच मिनिस्ट्री के संस्थापक मोहित शर्मा तथा युवा साथी संगठन के संस्थापक मनु कंबोज के हस्ताक्षर अंकित हैं।
प्रगति पांडेय की इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। राष्ट्रीय स्तर के मंच पर मिली यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।












