वार्ड 40 में जलभराव, वीआईपी क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल

सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र में हुई बारिश के बाद वार्ड क्रमांक 40 स्थित महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल के लकड़ी के टाल के सामने सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई। सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड क्रमांक 40 शहर का बेहद महत्वपूर्ण और वीआईपी क्षेत्र माना जाता है। इसी वार्ड में पूर्व सांसद रीति पाठक का आलीशान बंगला, जज मजिस्टेट का आवास ,वर्तमान सांसद डा राजेश मिश्रा का कार्यालय, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष वीरेन्द्र मिश्रा का निवास, वार्ड की पार्षद का आवास, शासकीय सीएम राइज स्कूल सहित दर्जनों सरकारी एवं निजी विद्यालय, विद्युत विभाग के आला अधिकारियों के आवास, जिला मुख्यालय का न्यायालय परिसर, बड़ा स्टेडियम, मुख्य बाजार, हनुमान जी का भव्य मंदिर, जामा मस्जिद और घना रिहायशी इलाका स्थित है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। उनका कहना है कि जब शहर के सबसे प्रमुख और संवेदनशील वार्ड में ही जलभराव की समस्या बनी हुई है, तो अन्य इलाकों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जलनिकासी व्यवस्था में सुधार करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान लोगों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।












