24 अक्टूबर से बंद होगी जबलपुर-इंदौर सीधी उड़ान
इंडिगो के फैसले से यात्रियों को झटका, व्यापार और पर्यटन पर असर की चिंता

जबलपुर। इंडिगो एयरलाइंस ने विंटर शेड्यूल में बदलाव करते हुए जबलपुर से इंदौर होकर हैदराबाद जाने वाली उड़ान को 24 अक्टूबर से बंद करने का निर्णय लिया है। जबलपुर और इंदौर के बीच संचालित यह सीधी हवाई सेवा दोनों शहरों के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कड़ी थी। इसके बंद होने से अब इंदौर आने-जाने वाले यात्रियों को सड़क मार्ग अथवा अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार छोटे एटीआर विमानों के रखरखाव से जुड़ी वजहों के चलते इस उड़ान सेवा को फिलहाल बंद किया जा रहा है। हालांकि, जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान की क्षमता बढ़ाई जाएगी। मौजूदा 78 सीट वाले विमान की जगह 186 सीट क्षमता वाले बड़े विमान का संचालन किए जाने की बात कही गई है।
उड़ान बंद होने के फैसले पर जबलपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने चिंता जताई है। चैंबर अध्यक्ष प्रेम दुबे ने कहा कि सीधी हवाई सेवा बंद होने से व्यापार, उद्योग, पर्यटन और उच्च शिक्षा से जुड़े लोगों को परेशानी हो सकती है। उनके मुताबिक कारोबारी गतिविधियों में समय का विशेष महत्व है और हवाई सेवा के जरिए जबलपुर से इंदौर की यात्रा अपेक्षाकृत कम समय में पूरी हो जाती थी।
उन्होंने कहा कि डुमना एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार पर बड़ी राशि खर्च की गई है। ऐसे में हवाई सेवाओं की निरंतरता भी जरूरी है। चैंबर ने मांग की है कि जबलपुर-इंदौर सेवा को पूरी तरह बंद करने के बजाय इसे इंदौर के रास्ते अहमदाबाद या पुणे जैसे शहरों से जोड़कर कनेक्टिंग रूट के रूप में संचालित किया जाए, ताकि यात्रियों और व्यापारिक क्षेत्र को बेहतर हवाई संपर्क मिल सके।













