मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, मंडला के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

छिंदवाड़ा/सिवनी।मकर संक्रांति के अवसर पर मां नर्मदा के दर्शन और स्नान के लिए मंडला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने इतवारी से मंडला फोर्ट तक विशेष ट्रेन चलाने की मंजूरी प्रदान की है, जो छिंदवाड़ा, सिवनी और नैनपुर होते हुए चलेगी।
यह स्पेशल ट्रेन 13 जनवरी की रात से 16 जनवरी तक संचालित की जाएगी। ट्रेन नंबर 08841 इतवारी से रात 10 बजे रवाना होकर रात 12:30 बजे छिंदवाड़ा पहुंचेगी। यहां आधे घंटे ठहराव के बाद ट्रेन रात 1 बजे आगे रवाना होगी और सुबह 7 बजे मंडला फोर्ट पहुंचेगी। वापसी के लिए ट्रेन नंबर 08842 मंडला फोर्ट से इतवारी के लिए 14 से 16 जनवरी तक चलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह 16 कोच वाली एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन होगी, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ यात्रा कर सकेंगे। ट्रेन का ठहराव सावनेर, सौसर, चौरई, छिंदवाड़ा, सिवनी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रखा गया है, जिससे आसपास के जिलों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
हर वर्ष मकर संक्रांति पर मंडला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसी को देखते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे प्रशासन से विशेष ट्रेन चलाने की मांग की थी। इस मांग के पूरी होने पर रेलवे जोनल सदस्य सत्येन्द्र ठाकुर सहित भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने रेलवे बोर्ड और सांसद का आभार व्यक्त किया है।इस विशेष ट्रेन के संचालन से मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।













