कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, लॉरी और कार की टक्कर में 7 लोगों की मौत

बेंगलुरु। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-52 (एनएच-52) पर येल्लापुर थाना क्षेत्र के अराबैल घाट स्थित बालागारा क्रॉस के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, कार में चालक सहित नौ लोग सवार थे, जो धारवाड़ से धर्मस्थल और चिकमगलूर की यात्रा पर जा रहे थे। इसी दौरान कार की सामने से आ रही एक लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई।
हादसे में घायल दो लोगों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हुबली के अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान वाहन सड़क के दाईं ओर चला गया और सामने से आ रही लॉरी से टकरा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।













