डीएवी स्कूल रोड बनी खतरे का रास्ता
बारिश में गड्ढे बने जानलेवा, बच्चे को छोड़कर लौट रहे अभिभावक का वाहन फिसला; मरम्मत की उठी मांग

सिंगरौली। शहर के डीएवी स्कूल मार्ग की बदहाल सड़क अब राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए खतरा बन गई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
शुक्रवार को एक अभिभावक अपने बच्चे को डीएवी स्कूल छोड़कर लौट रहे थे। इसी दौरान पानी से भरे गहरे गड्ढे में उनका दोपहिया वाहन असंतुलित होकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय बच्चा उनके साथ नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, अभिभावक और अन्य वाहन चालक आवागमन करते हैं, लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण गड्ढे तालाब का रूप ले चुके हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से डीएवी स्कूल मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का स्थायी समाधान हो सके।












