आवारा मवेशियों पर नगर निगम का शिकंजा
बैढ़न मेन रोड पर विशेष अभियान, पकड़े गए पशुओं को गौशाला भेजा; यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल

सिंगरौली। शहर में बढ़ते सड़क हादसों और यातायात बाधा को देखते हुए नगर पालिक निगम ने आवारा मवेशियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में बैढ़न मेन रोड पर कार्रवाई करते हुए सड़क पर बैठे और घूम रहे आवारा मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशाला भेजा गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। शहर के प्रमुख मार्गों पर लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने पालतू मवेशियों को खुले में न छोड़ें। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।












