ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्थापना दिवस पर भारत विकास परिषद का सेवा संकल्प

पौधारोपण व स्वच्छता अभियान चलाया, पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प; जल्द लगेगा विशाल रक्तदान शिविर

सिंगरौली। भारत विकास परिषद, इकाई सिंगरौली शाखा ने स्थापना दिवस के अवसर पर गनियारी स्थित लायंस पार्क में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का संदेश दिया। परिषद के अध्यक्ष अमितराज के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्रमदान कर पार्क की साफ-सफाई की तथा छायादार और औषधीय पौधों का सामूहिक रोपण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।


अध्यक्ष अमितराज ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी निभाना भी है। उन्होंने बताया कि संगठन शीघ्र ही जिले में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करेगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा निरंतर ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान, निशुल्क प्याऊ संचालन तथा मिश्रा नर्सिंग होम के सहयोग से प्रत्येक माह के पहले और तीसरे रविवार को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।

परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. ओ.पी. राय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, सदस्य, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button