बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निःशुल्क साइकिल पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे

सांदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न में विधायक रामनिवास शाह ने वितरित की साइकिलें, बोले- शिक्षा तक आसान पहुंच सरकार की प्राथमिकता

सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन की छात्र कल्याणकारी योजनाओं के तहत शुक्रवार को शासकीय सांदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैढ़न में कक्षा 9वीं के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने विद्यार्थियों को साइकिलें सौंपते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय तक सुगम आवागमन की सुविधा मिले, इसके लिए निःशुल्क साइकिल वितरण योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़े रखने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


साइकिल प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। विधायक ने कहा कि इन साइकिलों से विद्यार्थियों का विद्यालय तक का सफर आसान होगा और वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में और अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगे।

उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही समृद्ध, सशक्त और विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव है।” कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Author

Related Articles

Back to top button