100 मीटर की सड़क बनी मुसीबत, बारिश में दलदल से जूझ रहे पिपराकुरंद के ग्रामीण

सिंगरौली। जिले की ग्राम पंचायत पिपराकुरंद में शंकर चौराहा से कुनबी मोड़ तक जाने वाली करीब 100 मीटर लंबी कच्ची सड़क बरसात के कारण दलदल में तब्दील हो गई है। मुख्य मार्ग से जुड़ी इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और कीचड़ के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार इसी मार्ग से रोजाना दोपहिया, चारपहिया वाहन और स्कूल बसें गुजरती हैं, लेकिन बारिश के बाद सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वाहन आए दिन कीचड़ में फंस जाते हैं। इससे स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति की शिकायत कई बार ग्राम पंचायत सरपंच से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया। बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि शंकर चौराहा से कुनबी मोड़ तक की सड़क का तत्काल मरम्मत या पक्कीकरण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।












