कलेक्टर की अध्यक्षता में आत्मा गवर्निंग बोर्ड और प्राकृतिक खेती जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
नवीन कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार के माध्यम से किसानों को कराया जाए अवगत - श्री बैनल

सिंगरौली, कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में ‘आत्मा गवर्निंग बोर्ड’ और ‘प्राकृतिक खेती जिला स्तरीय समिति’ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने, नवाचारों को बढ़ावा देने और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर द्वारा आत्मा योजना की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कृषकों के मध्य नवीन कृषि तकनीकों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र एवं संबंधित तकनीकी विभागों के माध्यम से जिले के किसानों को आधुनिक व वैज्ञानिक पद्धतियों से निरंतर अवगत कराया जाए। इसके साथ ही कलेक्टर ने कड़े निर्देश दिए कि जिले के इच्छुक और प्रगतिशील कृषकों की पहचान की जाए। इन चयनित किसानों को विभिन्न उन्नत प्रशिक्षण संस्थानों तथा देश के अन्य अग्रणी कृषि क्षेत्रों का भ्रमण कराया जाए, जिससे वे धरातल पर क्रियान्वित हो रही वास्तविक नई तकनीकों और जानकारियों से रूबरू हो सकें।जिले में उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को निर्देशित किया कि जो किसान फूलों की खेती कर रहे हैं या इसमें रुचि रखते हैं, उन्हें बड़े स्तर पर प्रमोट किया जाए। ऐसे कृषकों को आधुनिक कृषि पद्धतियों जैसे ‘शेड नेट’ (सेड नेट) और ‘ड्रिप सिंचाई’ के लाभों के बारे में विस्तार से समझाया जाए और उन्हें पात्रता अनुसार विभागीय योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए।
इसी प्रकार मत्स्य पालन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में मत्स्य उत्पादन की गति को बढ़ाने के लिए ‘केज कल्चर’ और ‘हैचरी निर्माण’ की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए योग्य कृषकों को चिन्हित कर शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। बैठक के अंत में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सम्मिलित रूप से कृषि क्षेत्र में नवाचार करने और नई तकनीकों के माध्यम से किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे, उप संचालक कृषि श्री मनोज सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. जय सिंह, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुश्री रिया कुशवाहा, ‘आत्मा’ से श्री केशरी सूर्यवंशी, सहायक संचालक मत्स्य पालन श्री मनोज अग्रवाल, वरिष्ठ उद्यान अधिकारी श्री किशन सिंह, पशुपालन विभाग से डॉ. जितेंद्र, मार्कफेड से श्री महेंद्र पाण्डेय सहित विभिन्न एफपीओ और कृषक प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।












