बहामास में दर्दनाक विमान हादसा, 10 लोगों की मौत
स्वतंत्रता दिवस पर मातम, दुर्घटना की जांच शुरू; फ्लेमिंगो एयर की सभी उड़ानों पर अस्थायी रोक

नई दिल्ली/नैसाउ। बहामास में शनिवार को हुए भीषण विमान हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना राजधानी नैसाउ के पश्चिम में स्थित नॉर्थ एंड्रोस क्षेत्र में हुई। हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्रीय त्रासदी बताया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना-402 था, जिसने नैसाउ के लिंडेन पिंडलिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सैन एंड्रोस के लिए उड़ान भरी थी। शुरुआत में एक यात्री के जीवित बचने की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में गंभीर चोटों के कारण उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
बहामास एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
एहतियातन फ्लेमिंगो एयर की उड़ानें निलंबित
हादसे के बाद सरकार ने सुरक्षा के मद्देनजर फ्लेमिंगो एयर की सभी उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है। अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में एयरलाइन से जुड़ी दो अलग-अलग सुरक्षा घटनाएं सामने आई थीं। एक अन्य विमान में तकनीकी खराबी आने पर उसे उड़ान के दौरान वापस लौटना पड़ा था और लैंडिंग के बाद उसमें आग लग गई थी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के कारणों की पूरी जांच होने और सुरक्षा मानकों की समीक्षा पूरी होने तक फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों का संचालन स्थगित रहेगा। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।













