देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

उन्नाव हाईवे पर खड़ी रोडवेज बस में डंपर ने मारी टक्कर, तीन की मौत

पहले पिकअप से टकराई थी बस, दूसरी बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को पीछे से आए डंपर ने रौंदा; एक घायल

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दही थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब खराब होकर सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस के यात्री दूसरी बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बस में जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब दो बजे हुआ। लखनऊ से कानपुर जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस पहले एक पिकअप लोडर से टकरा गई थी। इसके बाद चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और यात्रियों को दूसरी बस में भेजने की व्यवस्था की जा रही थी। कई यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे।

इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए अनियंत्रित डंपर ने खड़ी बस में टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से बस के पास खड़े चार लोग उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान रामनरेश (40) निवासी अयोध्या, राजेंद्र निवासी बस्ती और शरद गुप्ता निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई है। रामनरेश अपनी पत्नी के साथ ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने कानपुर जा रहे थे। हादसे में घायल इंद्रपाल सिंह का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त बस और डंपर को क्रेन की मदद से हटाने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया।

Author

Related Articles

Back to top button