बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

दतिया में टिकट बदलने पर भाजपा में बवाल, 12 घंटे हाईवे जाम; धारा 163 लागू

नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध में प्रदर्शन उग्र, पुलिस से झड़प में 8 जवान घायल

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। शुक्रवार शाम शुरू हुआ चक्काजाम करीब 12 घंटे तक जारी रहा, जिससे ग्वालियर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थिति बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने जिले में धारा 163 लागू कर दी है तथा बिना अनुमति सभा, जुलूस और प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया है।

प्रदर्शन शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे शुरू हुआ और शनिवार सुबह लगभग 5 बजे तक चलता रहा। तड़के करीब 4:30 बजे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रशासन के अनुसार पथराव में पुलिस अधीक्षक (एसपी), भांडेर एसडीओपी सहित आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद प्रदर्शनकारी घटनास्थल से हट गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान लाठीचार्ज नहीं किया गया। उधर, विरोध के बीच भाजपा की स्थानीय इकाई में भी असंतोष खुलकर सामने आया। भाजपा नगर अध्यक्ष सहित पूरी नगर कार्यकारिणी ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया, वहीं पार्टी कार्यालय में तालाबंदी कर दी गई।

प्रशासन का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button