बस स्टैंड नहीं, हाईवे ही बना ठहराव: देवसर में सड़क किनारे रुक रहीं बसें, रोज लग रहा जाम
एनएच-39 पर अव्यवस्था से यात्रियों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी, स्थानीय लोगों ने वर्षों पुरानी बस स्टैंड की मांग दोहराई

सिंगरौली। देवसर ब्लॉक मुख्यालय में बस स्टैंड का अभाव अब यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जियावन थाना के सामने से एसडीओपी कार्यालय तक सड़क किनारे ही यात्री बसों का ठहराव होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। बसों के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने के कारण पूरा क्षेत्र अस्थायी बस स्टैंड में तब्दील हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार देवसर से प्रतिदिन करीब 100 से अधिक यात्री बसों का संचालन होता है। सड़क किनारे बसों के रुकने, यात्रियों के चढ़ने-उतरने और अन्य वाहनों की आवाजाही के कारण व्यस्त समय में एनएच-39 पर लंबा जाम लग जाता है। इससे मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
बरसात के मौसम में यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। बस स्टैंड नहीं होने से लोगों को खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करना पड़ता है। बारिश के दौरान महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और दिव्यांग यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। वहीं सड़क किनारे खड़ी बसों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देवसर में वर्षों से बस स्टैंड निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि देवसर में शीघ्र एक आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कराया जाए, ताकि यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें और एनएच-39 पर जाम व दुर्घटनाओं की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।













