“वाह… मगर सावधान!” बनी SAFE CLICK 2.0 अभियान की आवाज, साइबर ठगी से बचाव का दे रही प्रभावी संदेश
फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन फ्रॉड और डेटा चोरी पर कविता के जरिए जागरूकता; युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने की सराहना

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश द्वारा संचालित SAFE CLICK 2.0 साइबर जागरूकता अभियान के तहत सिंगरौली पुलिस द्वारा चलाया जा रहा जनजागरूकता अभियान लोगों के बीच खास पहचान बना रहा है। अभियान में प्रस्तुत साइबर जागरूकता कविता “वाह… मगर सावधान!” लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आशीष बागरी द्वारा प्रस्तुत इस कविता में फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन रिश्तों के नाम पर होने वाली ठगी, वीडियो कॉल फ्रॉड, ब्लैकमेलिंग, निजी फोटो के दुरुपयोग और डेटा चोरी जैसे गंभीर साइबर अपराधों को सरल एवं प्रभावी शब्दों में प्रस्तुत किया गया है।
15 दिवसीय SAFE CLICK 2.0 अभियान के दौरान कविता को विभिन्न मंचों पर प्रस्तुत किया गया, जिसे युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी वर्गों ने सराहा। कविता का संदेश है कि ऑनलाइन दुनिया में हर चेहरा और हर बात पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। किसी भी ऑनलाइन संपर्क में सावधानी, पहचान की पुष्टि और निजी जानकारी की सुरक्षा बेहद जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के प्रोत्साहन से सिंगरौली पुलिस ने साइबर सुरक्षा के संदेश को आम लोगों की भाषा और रुचि के माध्यम से पहुंचाने का प्रयास किया है। वहीं आशीष बागरी द्वारा कविता, गीत और डिजिटल माध्यमों से किए जा रहे जागरूकता प्रयास युवाओं में प्रभावी साबित हो रहे हैं।
“वाह… मगर सावधान!” अब केवल एक कविता नहीं, बल्कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क करने वाला जागरूकता संदेश बन गई है, जो समाज को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित कर रही है।













