वार्ड 38 में बदहाली का जायजा लेने सड़क पर उतरे आप नेता, ‘वार्ड घूमो अभियान’ में खुली मूलभूत सुविधाओं की पोल
सड़क, नाली, बिजली-पानी की समस्याओं से जूझ रहे नागरिक; राजेश रूद्रम बोले- वर्षों बाद भी नहीं बदली वार्ड की तस्वीर

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक-38 में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के शहर जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी राजेश रूद्रम ने “वार्ड घूमो अभियान” शुरू किया है। अभियान के तहत वे लगातार वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को सामने ला रहे हैं।
अभियान के दौरान नागरिकों ने सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में हालात आज भी पुराने जैसे ही बने हुए हैं, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राजेश रूद्रम ने कहा कि वार्ड के लोग वर्षों से विकास कार्यों की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों के विकास के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन आम नागरिक आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर हैं।
उन्होंने वार्ड स्थित तालाब की बदहाल स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। राजेश रूद्रम का आरोप है कि तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई और वास्तविक सुधार नहीं हुआ। उन्होंने मांग की कि वार्ड की समस्याओं का स्थायी समाधान करते हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की जाए।
उन्होंने कहा कि “वार्ड घूमो अभियान” का उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान के लिए आवाज उठाना है। अभियान के माध्यम से वार्ड के प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के दौरान इबरार खान, नौसाद खान, विकास शाह, अहमद राजा, आबिद खान, राधे साकेत, ललित पनिका, राजेश वर्मा, कमलेश वर्मा, हसीम खान एवं मोनू धर्मेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।













