बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भस्सी से सड़क, पुलिया और तालाब की सीढ़ियां बनाने का आरोप, ढेंकी पंचायत के निर्माण कार्यों पर उठे सवाल

8 एमएम सरिया के इस्तेमाल की शिकायत पर पंचायत इंजीनियर ने रुकवाया काम, तकनीकी जांच के निर्देश

सिंगरौली। जनपद पंचायत वैढ़न अंतर्गत ग्राम पंचायत ढेंकी में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सड़क, पुलिया और जोगिया तालाब की सीढ़ियों के निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए भस्सी, अमानक गिट्टी और रेत का उपयोग किया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार निर्माणाधीन पुलिया में भी गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा था। पूर्व पंच राजलाल शाह ने आरोप लगाया कि करीब 5 लाख रुपये की लागत से बन रही पुलिया में भस्सी के साथ-साथ 8 एमएम की सरिया का उपयोग किया जा रहा है, जबकि ऐसे निर्माण कार्यों में मजबूत सामग्री का उपयोग आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि कमजोर निर्माण से भविष्य में दुर्घटना की संभावना बनी रह सकती है।

पूर्व पंच ने ग्राम पंचायत में कराए गए अन्य कार्यों की भी जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जोगिया तालाब में करीब 5 लाख रुपये की लागत से बनी सीढ़ियों के निर्माण में भी भस्सी का उपयोग किए जाने की शिकायत है। उन्होंने सड़क, पुलिया और तालाब की सीढ़ियों की तकनीकी जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर पंचायत इंजीनियर सोनल श्रीवास्तव ने बताया कि गुणवत्ताविहीन निर्माण की शिकायत मिलने के बाद संबंधित कार्य को रुकवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जाएगी और जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत ढेंकी में हुए निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य कराया जाए और सरकारी राशि के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Author

Related Articles

Back to top button