बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

रील के लिए सड़क पर स्टंट पड़ा भारी, जियावन पुलिस ने युवक पर की कार्रवाई

रीवा-सीधी टनल और देवसर बाजार में खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो वायरल, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कटा चालान

सिंगरौली। रीवा–सीधी टनल एवं देवसर बाजार क्षेत्र में बाइक पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करने वाले युवक पर थाना जियावन पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे पकड़ लिया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वायरल वीडियो में युवक सार्वजनिक सड़क, रीवा–सीधी टनल और देवसर बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बाइक पर खड़े होकर स्टंट करता दिखाई दे रहा था, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी।

थाना जियावन पुलिस ने युवक को समझाइश देते हुए बताया कि सार्वजनिक सड़कें स्टंट या सोशल मीडिया रील बनाने के लिए नहीं, बल्कि आमजन के सुरक्षित आवागमन के लिए होती हैं। इस तरह की लापरवाही से स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।

कार्रवाई के बाद युवक ने अपने कृत्य पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी और युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर स्टंट न करें। उन्होंने हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे, सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मीनारायण द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रमेश चंदन एवं आरक्षक दिनेश की सराहनीय भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button