जबलपुर-कटनी रेल मार्ग पर ट्रेनों में दबंगई: यात्रियों से जबरन वसूली करने वाले 4 किन्नर गिरफ्तार
आरपीएफ की कार्रवाई, रेलवे अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज; नकदी भी बरामद

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में ट्रेनों के अंदर यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने की शिकायतों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ ने विशेष अभियान चलाकर चार किन्नरों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं 145 और 147 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आरपीएफ को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ किन्नर ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे मांगते हैं। पैसे नहीं देने पर वे यात्रियों से अभद्र व्यवहार करते हैं और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
विशेष चेकिंग अभियान में पकड़े गए
रविवार को आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह और आरक्षक हरिकेश दुबे ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-6 के कटनी छोर पर चार किन्नर यात्रियों से पैसे मांगते हुए मिले। आरपीएफ टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने ट्रेनों में यात्रियों से पैसे मांगने की बात स्वीकार की। उनके पास से वसूली गई नकदी भी बरामद की गई।
कटनी से जबलपुर तक ट्रेनों में करते थे सफर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कटनी जिले के गायत्री नगर के निवासी हैं और रोजाना कटनी से जबलपुर, नरसिंहपुर और पिपरिया तक ट्रेनों में सफर कर यात्रियों से पैसे मांगते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में लीजा (22), नैन्सी (23), तानिया (27) और रीना (26), सभी निवासी गायत्री नगर, कटनी शामिल हैं।
आरपीएफ ने चारों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 और 147 के तहत कार्रवाई की है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।













