देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दिल्ली में यमुना का कहर: नहाने गए 4 मासूम डूबे, 2 के शव मिले, दो की तलाश जारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में यमुना नदी में नहाने गए चार नाबालिग बच्चों के डूबने से दर्दनाक हादसा हो गया। घटना हिरणकी गांव के पास ठोकर नंबर-24 की है, जहां तेज बहाव की चपेट में आने से चार बच्चे नदी में बह गए। रेस्क्यू अभियान के दौरान दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश अभी जारी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को 14 से 15 वर्ष की उम्र के पांच दोस्त यमुना नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और चार बच्चे पानी की चपेट में आ गए। पांचवें बच्चे ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक चारों बच्चे नदी में डूब चुके थे।

घटना की सूचना शाम करीब 7:46 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया।

दो बच्चों के शव बरामद, दो की तलाश जारी

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बचाव दल ने दो बच्चों के शव नदी से बाहर निकाल लिए। वहीं, दो अन्य बच्चों का देर रात तक कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा बढ़ने के कारण रविवार रात करीब 10:30 बजे तलाशी अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह दोबारा अभियान शुरू कर लापता बच्चों की तलाश की जा रही है।

लगातार दूसरे दिन हादसे से इलाके में दहशत

स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान के आसपास एक दिन पहले भी यमुना में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई थी। लगातार दो दिनों में हुए हादसों से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों का कहना है कि लापता बच्चों की तलाश प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। बच्चों के मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button