सीएम मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक, हेलीपैड के ऊपर उड़ता मिला ड्रोन
पायलट ने रोका टेकऑफ, 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर में इंतजार; ड्रोन जब्त, पुलिस जांच में जुटी

भिंड। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था में उस समय बड़ी चूक सामने आई, जब भिंड जिले के दंदरौआ हनुमान मंदिर से ग्वालियर रवाना होने के दौरान उनके हेलीकॉप्टर के ऊपर एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। सुरक्षा कारणों से पायलट ने तत्काल टेकऑफ रोक दिया, जिससे मुख्यमंत्री को करीब 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर में ही इंतजार करना पड़ा।
मुख्यमंत्री के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी हेलीकॉप्टर में सवार थे। ड्रोन दिखाई देने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस तत्काल सक्रिय हो गईं तथा उसकी तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान दंदरौआ हनुमान मंदिर की छत पर राघवेंद्र खेमरिया नामक युवक ड्रोन उड़ाते हुए मिला। पुलिस ने तुरंत ड्रोन उतरवाकर उसे हिरासत में लिया और ड्रोन जब्त कर लिया।
रिकॉर्डिंग के लिए उड़ाया जा रहा था ड्रोन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राघवेंद्र खेमरिया मंदिर के सोशल मीडिया और डिजिटल कार्यों से जुड़ा है तथा कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग के लिए ड्रोन संचालित कर रहा था। हालांकि, मुख्यमंत्री के हेलीपैड और उड़ान क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की वैध अनुमति थी या नहीं तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
सुरक्षा मंजूरी के बाद रवाना हुआ हेलीकॉप्टर
ड्रोन जब्त किए जाने और सुरक्षा एजेंसियों से हरी झंडी मिलने के बाद मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर ग्वालियर के लिए रवाना हुआ।
पुलिस ने इस घटना को मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि ड्रोन संचालन निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुरूप था या नहीं और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













