बिजली विभाग की लापरवाही से बड़े हादसे का खतरा, सलहन टोला में जर्जर पोल और झूलते तार बने मुसीबत
समाजसेवी संदीप चतुर्वेदी ने की तत्काल कार्रवाई की मांग, ग्रामीणों ने कई बार दी शिकायत

सिंगरौली/ जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरवा के सलहन टोला आदिवासी बस्ती में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बस्ती में कई बिजली पोल जर्जर हो चुके हैं, जबकि बिजली के तार पेड़ों से टकराकर झूल रहे हैं। बरसात के मौसम में यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण क्षेत्र में दुर्घटना का खतरा दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
समाजसेवी संदीप चतुर्वेदी ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग की है कि जर्जर बिजली पोलों को तत्काल बदला जाए तथा पेड़ों से टकरा रहे बिजली तारों की मरम्मत और आवश्यक कटाई-छंटाई कराई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पुरवा का सलहन टोला आदिवासी बस्ती आज भी सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रही है। यदि समय रहते विभाग ने आवश्यक कदम नहीं उठाए तो जनहानि जैसी गंभीर घटना से इंकार नहीं किया जा सकता, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।













