देवसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फिर लगा लंबा जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और फुटपाथ अतिक्रमण बने बड़ी वजह

सिंगरौली/ देवसर नगर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को करीब आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर एक कार खड़ी होने से बड़े वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची। परिणामस्वरूप ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई और दोनों ओर यातायात प्रभावित हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहनों की लंबी लाइन स्पष्ट दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोटे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग, फुटपाथों पर लगने वाली दुकानों तथा सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में जब भी कोई वाहन सड़क पर रुकता या खड़ा होता है, यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है।
भारी वाहन चालकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोटे वाहनों की पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए तथा उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए, ताकि बड़े वाहन बिना बाधा के सुरक्षित तरीके से आवागमन कर सकें।
स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, फुटपाथों को खाली कराया जाए और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर जाम तथा दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।













