ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पुलिस की तत्परता लाई रंग, बिछड़ी मासूम मां की गोद में लौटी

सरई बाजार में रोती मिली बच्ची, घंटों की खोजबीन के बाद परिजनों से कराया मिलन

सिंगरौली / सरई बाजार में शुक्रवार शाम उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला, जब अपने परिजनों से बिछड़कर रो रही एक मासूम बच्ची को पुलिस ने सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतत प्रयासों के चलते कुछ ही घंटों में बच्ची को सकुशल उसके परिवार से मिला दिया गया।

 

जानकारी के अनुसार, बाजार क्षेत्र में एक मासूम बच्ची अकेली रोती हुई मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर उसकी देखभाल शुरू की। पूछताछ के दौरान बच्ची केवल अपने पिता का नाम संतोष गुप्ता बता सकी, जबकि वह अन्य कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी। इससे परिजनों की पहचान करने में शुरुआती कठिनाई आई।

 

शाम करीब छह बजे तक बच्ची के परिजनों का कोई पता नहीं चल सका था। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, बाजार क्षेत्र में लगातार पतासाजी और अन्य माध्यमों से खोजबीन तेज कर दी। पुलिस की सक्रियता आखिरकार रंग लाई और बच्ची के परिजनों का पता चल गया।

 

बताया गया कि बच्ची के परिजन कुड़ैनिया गांव के रहने वाले हैं और तुलसी गुप्ता के यहां आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने सरई आए थे। भीड़भाड़ के दौरान बच्ची अपने परिवार से बिछड़ गई थी।

 

जैसे ही पुलिस ने बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द किया, वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मां ने अपनी बेटी को सीने से लगाकर राहत की सांस ली और भावुक होकर पुलिस का बार-बार आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली के कारण उनकी बच्ची सुरक्षित मिल सकी।

 

इस मानवीय पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सतर्कता और संवेदनशील पुलिसिंग से न केवल कानून-व्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान भी लौटाई जा सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button