दिवंगत एएसआई के परिजनों को मिला ₹10 लाख का बीमा सहायता चेक
पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत आर्थिक संबल, एसपी षियाज़ के.एम. ने परिवार को सौंपा चेक

सिंगरौली। पुलिस विभाग की संवेदनशील पहल के तहत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिवंगत सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) परदेसी लाल रावत के परिजनों को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। यह राशि पुलिस सैलरी पैकेज अंतर्गत संचालित जीवन बीमा योजना के तहत स्वीकृत की गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में पदस्थ एएसआई परदेसी लाल रावत का 7 मार्च 2026 को बीमारी के कारण असामयिक निधन हो गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के सतत प्रयासों तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा बैढ़न के सहयोग से बीमा योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई गई।
कार्यक्रम में एसबीआई मुख्य शाखा बैढ़न के शाखा प्रबंधक केशव कामथ द्वारा जारी ₹10 लाख का चेक दिवंगत एएसआई की पत्नी रानू देवी रावत को पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के किसी सदस्य के निधन के बाद उसके आश्रितों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, सूबेदार आशीष तिवारी, उप निरीक्षक (आ) दिलीप परते, एसबीआई के सहायक प्रबंधक सुजय कुमार तथा कलेक्टोरेट शाखा के शाखा प्रबंधक अवनीश तिवारी सहित पुलिस एवं बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिली यह आर्थिक सहायता न केवल दिवंगत पुलिसकर्मी के परिवार को कठिन समय में संबल प्रदान करेगी, बल्कि पुलिस विभाग की अपने कर्मियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का भी उदाहरण है।













