तिरंगे के सम्मान और संवैधानिक मूल्यों को लेकर भारतीय विधिक सहायता एसोसिएशन की संगोष्ठी आयोजित
अधिवक्ता भवन रॉबर्ट्सगंज में हुई बैठक, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण में योगदान का लिया संकल्प

सोनभद्र,। भारतीय विधिक सहायता एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक एवं संगोष्ठी बुधवार को दोपहर 12 बजे अधिवक्ता भवन, तहसील परिसर रॉबर्ट्सगंज में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव ने की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप जायसवाल ने कहा कि भारतीय तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानों और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित और संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखे।
राष्ट्रीय संयोजक पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि राष्ट्रीय तिरंगा हमें एकता, भाईचारे और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि देश की एकता और अखंडता को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
संगोष्ठी में उपस्थित अधिवक्ताओं और सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता राजकुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर विमल प्रसाद सिंह, रियाज खान, सुरेश सिंह कुशवाहा, कामता प्रसाद यादव, टीटू प्रसाद गुप्ता, आदर्श देव पांडेय, शाहनवाज आलम खान, दशरथ यादव, संतोष चतुर्वेदी, अजित कश्यप, राहुल जैन, धीरेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।













