बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन पर हो सख्त कार्रवाई, अनुमति की जानकारी सार्वजनिक करे प्रशासन: महंत मनोज शर्मा

चंडीगढ़। विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी एवं हिंद संग्राम परिषद (रजि.) के प्रमुख सलाहकार महंत मनोज शर्मा (मनु जी महाराज) ने चंडीगढ़ प्रशासन से मांग की है कि शहर में किसी भी व्यक्ति या संगठन को बिना प्रशासनिक अनुमति के धरना-प्रदर्शन, रैली अथवा साउंड सिस्टम के उपयोग की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन बिना अनुमति ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि 22 जुलाई 2026 को चंडीगढ़ में एक धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि यह स्पष्ट किया जाए कि संबंधित आयोजकों को धरना-प्रदर्शन एवं साउंड सिस्टम के उपयोग की आवश्यक प्रशासनिक अनुमति प्राप्त है या नहीं। यदि अनुमति प्रदान की गई है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि आम नागरिकों के बीच किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में जिन व्यक्तियों अथवा संगठनों को धरना-प्रदर्शन, रैली या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी जाए, उनकी जानकारी प्रशासन अपने आधिकारिक माध्यमों तथा समाचार पत्रों के जरिए सार्वजनिक करे। इससे प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को भी नियमों की जानकारी रहेगी।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संगठन का विरोध करना नहीं, बल्कि कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित करना और चंडीगढ़ की शांति, कानून-व्यवस्था तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखना है। उन्होंने प्रशासन से इस विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।













