एनएचसे सागर-जबलपुर होंगे कनेक्ट, बनेगा 49 किमी टू लेन रोड

सागर. मध्य प्रदेश विधानसभा में पेश हुए अनुपूरक बजट में सागर की रहली विधानसभा के लिए बड़ी सौगात मिली है. पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के प्रयासों से गढ़ाकोटा और देवरी को कनेक्ट करने के लिए 49 किमी लंबी टू लेन सड़क के लिए 272 करोड़ रूपए स्वीकृत हुए हैं. ये सड़क एनएच 44 से शानदार कनेक्टविटी देगी और एनएच 34 से सागर-जबलपुर से कनेक्ट होगी. इस रोड के जरिए दमोह को भी एनएच 44 से बेहतर कनेक्टिवटी मिल जाएगी. पूर्व मंत्री और नेता प्रतिपक्ष रहली विधायक गोपाल भार्गव ने इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पीडबल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का आभार माना है.
गढ़ाकोटा से रहली होते हुए देवरी तक जाएगी सड़क
बुंदेलखंड में बिछ रहे सड़कों के जाल के अंतर्गत एक और सौगात सागर की रहली विधानसभा को मिली है. हाल में मध्य प्रदेश विधानसभा में डॉ. मोहन यादव सरकार द्वारा रहली विधानसभा के लिए डॉ. मोहन यादव सरकार ने सौगातों की झड़ी लगा दी है. जिसमें गढ़ाकोटा, रहली होते हुए देवरी तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 272 करोड़ रूपए की सौगात मिली है.
सागर जबलपुर होंगे आपस में कनेक्ट
इस सड़क की खासियत ये है कि, ये देश के सबसे बड़े नेशनल हाइवे 44 और नेशनल हाइवे 34 सागर जबलपुर को आपस में कनेक्ट करेगी. इसका फायदा रहली और देवरी विधानसभा को होगा, साथ ही दमोह जिले के लिए नेशनल हाइवे 44 से शानदार कनेक्टिवटी मिलेगी. इसके अलावा भी रहली विधानसभा के लिए डॉ. मोहन यादव ने दिल खोलकर सौगात दी है. एक 105 करोड़ के फ्लाईओवर, एक 60 करोड़ की टू लेन और नौरादेही टाइगर रिजर्व से गुजरने वाली व्यारमा नदी पर उच्च स्तरीय पुल के निर्माण के लिए राशि का प्रावधान किया गया है.
इन मार्गों के लिए जारी फंड
गढ़ाकोटा–रहली–देवरी मार्ग (49.30 किमी) के चौड़ीकरण हेतु ?272 करोड़
शाहपुर–रगोली–ढाना मोकलपुर मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण हेतु ?105 करोड़
रहली–रमखिरिया–सिमरिया नायक–बहेरिया मढ़ी तक टू-लेन सड़क निर्माण हेतु ?60 करोड़
रहली–तेंदूखेड़ा–पाटन मार्ग (79 किमी) पर ब्यारमा नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण हेतु ?31.43 करोड़
गोपाल भार्गव ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
डॉ. मोहन यादव द्वारा गोपाल भार्गव के विधानसभा क्षेत्र को मिली सौगातों पर उन्होंने कहा है कि, मध्य प्रदेश विधानसभा में पेश किए गए अनुपूरक बजट में रहली विधानसभा क्षेत्र के चार महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए कुल 4 अरब 68 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है. यह क्षेत्र के विकास और बेहतर आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, विकास को नई गति मिलेगी तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी. इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का मैं आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं.













