मध्य प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल: 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले, 6 जिलों के कलेक्टर बदले

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों की एक बड़ी तबादला सूची जारी की है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस आदेश के तहत कुल 20 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए हैं, जबकि 6 वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किया गया है. इस प्रशासनिक फेरबदल के चलते राज्य के 6 जिलों—रतलाम, अनूपपुर, शहडोल, खरगोन, मंदसौर और आगरमालवा को नए कलेक्टर मिले हैं.
प्रमुख प्रशासनिक बदलाव
के.सी. गुप्ता (1992 बैच) को कृषि उत्पादन आयुक्त और कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की जिम्मेदारी के साथ-साथ उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
सचिन सिन्हा (1995 बैच) को आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी के महानिदेशक पद से हटाकर अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है.
राघवेन्द्र कुमार सिंह (1997 बैच) अब वन विभाग के प्रमुख सचिव होंगे और उनके पास आनंद विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा.
इंदौर के पूर्व संभागायुक्त डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि भास्कर लक्षकार को इंदौर का नया संभागायुक्त बनाया गया है.
इन 6 जिलों को मिले नए कलेक्टर
अजय कटेसरिया – रतलाम
रत्नाकर झा – अनूपपुर
मिशा सिंह – शहडोल
गुरू प्रसाद – खरगोन
दिव्यांक सिंह – मंदसौर
डॉ. शेर सिंह मीना – आगरमालवा
इसके अलावा, केदार सिंह (लोक निर्माण विभाग), हर्षल पंचोली (एप्को, भोपाल), अदिति गर्ग (खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग) और प्रीति यादव (एमपीआईडीसी, इंदौर) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया गया है. सरकार द्वारा प्रशासनिक कामकाज को और अधिक सुचारू बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।













