शताब्दीपुरम बेदखली कार्रवाई पर भड़के विधायक अभिलाष पांडे, बोले- बारिश में लोगों को बेघर किया तो JDA कार्यालय में सुलाऊंगा
हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी टीम, प्रभावित परिवारों ने किया विरोध प्रदर्शन

जबलपुर। शहर के शताब्दीपुरम क्षेत्र में जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की बेदखली कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हाईकोर्ट के आदेश पर शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची जेडीए, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक अभिलाष पांडे अधिकारियों पर नाराज हो गए और कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के मौसम में लोगों को बेघर करना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रभावित परिवारों को हटाया गया तो उन्हें जेडीए कार्यालय और सीईओ के कमरे में ले जाकर सुला देंगे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
200 परिवारों के सामने खड़ा हुआ संकट
बेदखली कार्रवाई का विरोध करते हुए स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और चक्काजाम किया। महिलाओं ने भी विरोध जताते हुए कहा कि बारिश के मौसम में आखिर वे अपने परिवारों को लेकर कहां जाएंगे। लोगों की मांग थी कि हटाने से पहले उनके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि वे न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हैं, लेकिन प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के लिए उचित समय और व्यवस्था का ध्यान नहीं रखा गया।
JDA ने कहा- कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
जेडीए अधिकारियों के अनुसार, संबंधित जमीन को वर्ष 2016 में शिक्षा समिति को हस्तांतरित किया गया था। जमीन खाली कराने के लिए लंबे समय से नोटिस दिए जा रहे थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा और न्यायालय के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है।
जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि कार्रवाई जिला प्रशासन, नगर निगम, जेडीए और पुलिस की मौजूदगी में हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार की गई। वहीं, अधिकारियों और विधायक के बीच हुए विवाद के बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है।













