प्रयागराज में एयरफोर्स का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, दो पायलट सुरक्षित पैराशूट से कूदे

प्रयागराज। वायुसेना का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट बुधवार को प्रयागराज में हादसे का शिकार हो गया। उड़ान के दौरान अचानक एयरक्राफ्ट डगमगाने लगा और शहर के बीचों-बीच स्थित एक तालाब में गिर गया। हादसे का स्थान रिहायशी इलाके के बेहद करीब है, जहां तालाब से सटा एक स्कूल और कई कॉलोनियां मौजूद हैं। गनीमत रही कि जमीन पर कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एयरक्राफ्ट क्रैश होने से पहले उसमें सवार दो पायलटों ने पैराशूट के जरिए छलांग लगा दी थी। दोनों पायलट तालाब में गिरे और दलदल में फंस गए, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकाल लिया। दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सेना का एक हेलिकॉप्टर भी मौके पर पहुंच गया। हालांकि, जिस तालाब में विमान गिरा है वहां चारों ओर घनी जलकुंभी फैली होने के कारण राहत और बचाव दल को एयरक्राफ्ट तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट में पायलटों के अलावा कोई अन्य सवार था या नहीं। वायुसेना और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।













