एंबुलेंस में खत्म हुई ऑक्सीजन, मां की गोद में तड़पकर चली गई बेटे की जान
मंडला में 21 वर्षीय डायलिसिस मरीज की मौत से उठे स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय युवक की एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म हो जाने के कारण मां की गोद में ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस सेवा और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान अजीत बरैया निवासी सुनेहरा गांव, थाना बम्हनी के रूप में हुई है। अजीत लंबे समय से डायलिसिस पर था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस से रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में ही ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म हो गया।
परिजनों के अनुसार, सांस लेने में परेशानी के बीच युवक लगातार तड़पता रहा और आखिरकार उसने अपनी मां की गोद में ही दम तोड़ दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस भी काफी देर से पहुंची थी। उन्होंने कहा कि यदि समय पर ऑक्सीजन और बेहतर उपचार मिल जाता तो उनके बेटे की जान बच सकती थी।
घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की बात कही जा रही है। वहीं, इस मामले ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन एंबुलेंस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार ने दोषियों पर कार्रवाई और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।













