एनसीएल से 56 कर्मी सेवानिवृत्त, अभिनंदन समारोह में दी गई भावभीनी विदाई
महाप्रबंधक दिनेश दंडोतिया सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूर्ण की सेवाएं

सिंगरौली। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) से जुलाई माह के अंत में 56 कर्मी सेवानिवृत्त हुए। इनमें 4 अधिकारी और 52 कर्मचारी शामिल हैं। सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में एनसीएल मुख्यालय में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
मुख्यालय से महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) दिनेश दंडोतिया और यूडीसी क्लर्क (प्रशासन विभाग) अरविंद सिंह ने अपनी लंबी सेवाओं के बाद सेवानिवृत्ति ग्रहण की।
समारोह में एनसीएल निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी, मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनीष कुमार ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कर्मियों ने अपने समर्पण और मेहनत से एनसीएल की प्रगति एवं उत्कृष्टता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका कार्य और कर्तव्यनिष्ठा अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है।
निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के सुखद और स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए दिनेश दंडोतिया के सौम्य व्यवहार, कर्मठता और जटिल समस्याओं के त्वरित समाधान की क्षमता की सराहना की।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और एनसीएल एवं कोल इंडिया परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनी में बिताया गया समय उनके जीवन की यादगार उपलब्धियों में शामिल रहेगा।
एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में विदाई एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए।













