सीएमएचओ कार्यालय क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर होगी
नगर निगम अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, अधूरे नाली निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश

सिंगरौली। जिला चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय, जिला अस्पताल परिसर एवं आसपास के शासकीय कार्यालयों के समीप बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद संतोष शाह एवं नगर निगम के एसडीओ इंजीनियर मौजूद रहे।
क्षेत्र में नाली निकासी व्यवस्था बेहतर नहीं होने के कारण बरसात के समय पानी भरने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाली निर्माण का कार्य कराया गया है, लेकिन कुछ स्थानों पर अधूरा काम होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। इससे जिला चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, जिला अस्पताल परिसर और आसपास के शासकीय भवनों के पास जलभराव की स्थिति बन रही है।
नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को अधूरे नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बारिश के पानी की निकासी सुचारु होगी और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
वार्ड पार्षद संतोष शाह ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि शेष कार्य जल्द पूरा कराकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा, जिससे आमजन और कार्यालयों में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।













