सड़क सुरक्षा और गोवंश संरक्षण की दिशा में महान एनर्जेन लिमिटेड की अभिनव पहल
रात्रि में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बेसहारा गोवंश पर लगाए जा रहे रिफ्लेक्टिव टेप

सिंगरौली: सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा बेसहारा और आवारा गोवंश को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से महान एनर्जेन लिमिटेड की सुरक्षा टीम एवं अदाणी फाउंडेशन की टीम ने एक अभिनव एवं मानवीय अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के तहत सार्वजनिक सड़कों पर विचरण करने वाली गायों एवं अन्य गोवंश के शरीर पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जा रहे हैं, जिससे रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़े और वाहन चालकों को समय रहते उन्हें देखकर दुर्घटनाओं से बचने में सहायता मिल सके।
इस अभियान का शुभारंभ स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं ग्राम पंचायत के सरपंच की सक्रिय सहभागिता में किया गया। अभियान को आगामी दिनों में भी लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि आसपास के अधिकाधिक क्षेत्रों में बेसहारा एवं आवारा गोवंश को रिफ्लेक्टिव टेप से सुरक्षित किया जा सके। यह पहल सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पशु संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।

प्लांट के चीफ बिजनेस ऑफिसर श्री वी. भानु प्रकाश राव के नेतृत्व में इस अभिनव अभियान की संकल्पना एवं रूपरेखा महान एनर्जेन लिमिटेड की सुरक्षा टीम एवं अदाणी फाउंडेशन/सीएसआर टीम के द्वारा तैयार कर शुरुआत की गई है। टीम की दूरदर्शी सोच, सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण ने इस पहल को वास्तविक रूप दिया। उनके इस प्रयास की स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायी पहल बताया।
बेसहारा और आवारा गोवंश पर रिफ्लेक्टिव (रेडियम) टेप लगाने का मुख्य उद्देश्य रात के समय और कोहरे में होने वाले सड़क हादसों को रोकना है, क्योंकि वाहन की रोशनी पड़ने पर ये टेप चमकते हैं, जिससे ड्राइवर को जानवर दूर से ही दिख जाता है। महान एनर्जेन लिमिटेड, बंधौरा के इस टीम का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज, प्रशासन और उद्योग की सामूहिक भागीदारी से ही सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। यह अभियान इसी सोच का प्रतिबिंब है, जो मानव जीवन के साथ-साथ मूक पशुओं की सुरक्षा के प्रति भी समान संवेदनशीलता का संदेश देता है।













