क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. जी.एस. परिहार ने किया जिला चिकित्सालय सिंगरौली का औचक निरीक्षण
लापरवाह ऑपरेटरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

सिंगरौली। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. जी.एस. परिहार ने शनिवार को जिला चिकित्सालय सिंगरौली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं को देखा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि एवं आरएमओ डॉ. राजेश वैश्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
अस्पताल की व्यवस्थाओं और कैंटीन का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय संचालक डॉ. परिहार ने ओपीडी में चिकित्सकों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने जिला चिकित्सालय की कैंटीन का निरीक्षण किया और मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सिकल सेल रोग पर आयोजित सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम में भी सहभागिता की।

जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा
निरीक्षण के बाद आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय संचालक डॉ. जी.एस. परिहार ने जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) की पहचान एवं प्रबंधन की प्रगति की समीक्षा के दौरान शहरी क्षेत्र में उपलब्धि मात्र 40 प्रतिशत पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और उनके बेहतर प्रबंधन का कार्य शीघ्र पूरा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।
लापरवाही पर ऑपरेटरों को नोटिस के निर्देश
देवसर विकासखंड में प्रसव संबंधी जानकारी अद्यतन करने के कार्य में लापरवाही एवं देरी पाए जाने पर क्षेत्रीय संचालक ने संबंधित ऑपरेटर दीनानाथ प्रजापति एवं शीला साहू के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।
बैठक में दस्तक अभियान, टीकाकरण कार्यक्रम, क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, सिकल सेल जांच अभियान, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
डॉ. जी.एस. परिहार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें और शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करें।
बैठक में ये रहे उपस्थित
समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, आरएमओ डॉ. राजेश वैश्य, जिला स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम डॉ. जगदीश यसवाल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वितीय डॉ. राहुल पाठक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विशेष सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु मिश्रा, जिला मीडिया अधिकारी डी.एन. मांझी, जिला कम्युनिटी मैनेजर, मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन टीम, एपीएम, डीपीसी सहित तीनों विकासखंडों के बीएमओ, बीपीएम, बीसीएम एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।













