कोल इंडिया की बड़ी पहल: सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण के लिए बढ़ाए कदम, 4.5 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को मिलेगा लाभ
पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा को किया मजबूत, दावों के निपटान की प्रक्रिया हुई तेज

सिंगरौली। एनसीएल की होल्डिंग कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लागू किए हैं। इन पहलों का उद्देश्य पेंशन प्रशासन को सरल बनाना, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना, शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना है। कंपनी की इन नई व्यवस्थाओं से देशभर के 4.5 लाख से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा।
कोल इंडिया ने सामाजिक सुरक्षा के तहत कोल माइंस पेंशन योजना में न्यूनतम मासिक पेंशन 8 मार्च 2024 से बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दी है। इस निर्णय से करीब 40 हजार पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिला है, जिससे सेवानिवृत्त खनिकों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है।
कंपनी ने कोल माइंस प्रोविडेंट फंड संगठन के सहयोग से सी-केयर्स डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पेंशन संबंधी प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण भी तेज किया है। अब सेवानिवृत्ति संबंधी दावों के निपटान में पहले जहां औसतन 30 दिन लगते थे, वहीं यह अवधि घटकर मात्र 10 दिन रह गई है। साथ ही संशोधित पेंशन भुगतान आदेश को पूरी तरह ऑनलाइन और पेपरलेस बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सुविधा के लिए कोल इंडिया ने अपने मुख्यालय और सभी अनुषंगी कंपनियों में पोस्ट रिटायरमेंट बेनिफिट सेल स्थापित किए हैं, जो सभी सेवाओं के लिए एकल संपर्क केंद्र के रूप में कार्य करेंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं को भी और सशक्त बनाया गया है। अंशदायी सेवानिवृत्ति उपरांत चिकित्सा योजना के तहत पंजीकृत लगभग 1.13 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देशभर के 532 सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है। योजना के अंतर्गत सेवानिवृत्त अधिकारियों को 25 लाख रुपये तथा गैर-अधिकारियों को 8 लाख रुपये तक का चिकित्सा कवरेज उपलब्ध कराया जा रहा है। गंभीर बीमारियों के उपचार का खर्च इस सीमा से अलग रखा गया है।
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी द्वारा भविष्य निधि वितरण 19.5 प्रतिशत बढ़कर 13,608.8 करोड़ रुपये तथा पेंशन वितरण 22.9 प्रतिशत बढ़कर 6,427 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य अपने पूर्व कर्मचारियों को सम्मानजनक जीवन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए कंपनी के अवकाश गृहों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनके सामाजिक जुड़ाव और जीवन स्तर में सुधार हो सके।













